श्याम नारायण पाण्डेय का जीवन परिचय | Shyam Narayan Pandey Ka Jivan Parichay

श्याम नारायण पाण्डेय का जन्म श्रावण कृष्ण पंचमी को सन् 1907 में डुमराँव गाँव, आजमगढ़ उत्तर प्रदेश में हुआ था। आरम्भिक शिक्षा के बाद श्यामनारायण पाण्डेय संस्कृत अध्ययन के लिए काशी (बनारस) आए। काशी विद्यापीठ से वे साहित्याचार्य की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। उनके संस्कार द्विवेदीयुगीन, दृष्टिकोण उपयोगितावादी और भाव-विस्तार मर्यादावादी थे। लगभग दो दशकों से ऊपर वे हिन्दी कवि-सम्मेलनों के मंच पर अत्यन्त लोकप्रिय रहे। उन्होंने आधुनिक युग में वीर काव्य की परम्परा को खड़ी बोली के रूप में प्रतिष्ठित किया। पाण्डेय जी का देहान्त वर्ष 1991 में डुमराँव नामक ग्राम में हुआ था।

साहित्यिक परिचय-

श्यामनारायण पाण्डेय आधुनिक काव्यधारा के प्रमुख वीर कवियों में से एक थे। वीर काव्य को इन्होंने अपनी कविताओं का मुख्य विषय बनाया। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को अपने काव्य का आधार बनाकर इन्होंने पाठकों पर गहरी छाप छोड़ी है।

कृतियाँ (रचनाएँ)-

श्यामनारायण पाण्डेय ने चार उत्कृष्ट महाकाव्यों की रचना की थी, जिनमें से ‘हल्दीघाटी (1937-39 ई.)’ और ‘जौहर (1939-44 ई.)’ को अत्यधिक प्रसिद्धि मिली। ‘हल्दीघाटी’ में वीर राणा प्रताप के जीवन और ‘जौहर’ में चित्तौड़ की रानी पद्मिनी के आख्यान हैं।
इनके अतिरिक्त पाण्डेय जी की रचनाएँ निम्नलिखित है
तुमुल (1948 ई.), रूपान्तर (1948), आरती (1945-46 ई.), ‘जय हनुमान’ (1956 ई.)।
तुमुल ‘त्रेता के दो वीर ‘ नामक खण्ड काव्य का परिवर्धित संस्करण है, जबकि ‘माधव’, ‘रिमझिम’, आँसू के कण’ और ‘गोरा वध’ उनकी प्रारम्भिक लघु कृतियाँ हैं।

भाषा शैली-

श्यामनारायण पाण्डेय ने अपने काव्यों में खड़ी बोली का प्रयोग किया है। श्यामनारायण पाण्डेय वीर रस के सुविख्यात हिन्दी कवि थे। इनके काव्यों में वीर रस के साथ-साथ करुण रस का गम्भीर स्थान है। पाण्डेय जी ने काव्य में गीतात्मक शैली के साथ-साथ मुक़्त छन्द का प्रयोग किया है।

हिन्दी साहित्य में स्थान-

श्यामनारायण पाण्डेय जी हिन्दी साहित्य के महान् कवियों में से एक हैं। इन्होंने इतिहास को आधार बनाकर महाकाव्यों की रचना की, जोकि हिन्दी साहित्य में सराहनीय प्रयास रहा। द्विवेदी युग के इस रचनाकार को वीरग्रन्थात्मक काव्य सृजन के लिए हिन्दी साहित्य में अद्वितीय स्थान दिया जाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *